Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 जुलाई। जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हाथरस द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जलेसर रोड, चिन्तापुर बदन, एहन तथा लाडपुर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों के उपचार एवं टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जलेसर रोड पर 22, चिन्तापुर बदन पर 27, एहन पर 38 तथा लाडपुर पर 40 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। निरीक्षण के दौरान एहन एवं लाडपुर स्वास्थ्य केन्द्रों पर जानकारी दी गई कि संबंधित गांवों में 15 वर्ष तक की सभी बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन की खुराक लगाई जा चुकी है। वहीं, चिन्तापुर बदन में केवल एक बालिका टीकाकरण से वंचित पाई गई, जिसे आज ही वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई। लाडपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण में यह भी सामने आया कि सबमर्सिबल की मोटर खराब हो गई है, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हुई है। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विभागीय जूनियर इंजीनियर (JE) को तत्काल निर्देश देते हुए मोटर को कल तक ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य केन्द्र पर मरीजों एवं स्टाफ को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page