
हाथरस 25 जुलाई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर ने जिले के लिए अगले पांच दिनों (25 से 29 जुलाई) का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में जिले में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे। वहीं 25 जुलाई और 29 जुलाई को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। विश्वविद्यालय के अनुसार इस दौरान जिले का अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर अधिकतम 74 से 88 प्रतिशत और न्यूनतम 47 से 63 प्रतिशत तक रह सकता है। दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम दिशा से 6 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनके बीच-बीच में तेज झोंके आने की भी संभावना है। कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को सलाह दी है कि 20 से 25 दिन की तैयार धान की पौध की रोपाई जल्द से जल्द पूरी कर लें। खरपतवार नियंत्रण के लिए रोपाई के दो से तीन दिन के भीतर अनुशंसित खरपतवारनाशक जैसे एनीलोफॉस या प्रीटिलाक्लोर का प्रयोग करें। इसके अलावा यदि धान की फसल में खैरा रोग के लक्षण दिखाई दें तो जिंक सल्फेट और चूने के घोल का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। किसानों से यह भी कहा गया है कि उर्वरक एवं कीटनाशकों का छिड़काव केवल आसमान साफ होने पर ही करें तथा छिड़काव के दौरान हवा की विपरीत दिशा में खड़े होने से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके।










