
मथुरा 25 जुलाई। आईसीएआई मथुरा शाखा (CIRC) द्वारा आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए), जीएसटी विभाग एवं आयकर विभाग के अधिकारियों के बीच खेला गया। मुकाबला रोमांच और खेल भावना से भरपूर रहा। इस मैत्री मैच का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मैच में सीए XI की कप्तानी आईसीएआई मथुरा शाखा के चेयरमैन सीए लोकेश वार्ष्णेय ने की, जबकि GST XI की कमान देश दीपक निगम ने संभाली। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए GST XI ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाए। टीम की ओर से कैलाश सैनी ने 25 गेंदों में 26 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीए XI की शुरुआत संघर्षपूर्ण रही। टीम की ओर से नारायण अग्रवाल ने 31 गेंदों में 29 रन और सीए अमन अग्रवाल ने 26 गेंदों में 19 रनों की जुझारू पारी खेलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन GST XI के गेंदबाजों की सटीक और अनुशासित गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 17.1 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। इस प्रकार GST XI ने 13 रन से शानदार जीत दर्ज की।
गेंदबाजी में कैलाश सैनी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 22 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया। वहीं सतेन्द्र कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 11 रन देकर चार विकेट झटके और मैच के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने। दूसरी ओर सीए अमन अग्रवाल ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जिसके लिए उन्हें “फाइटर ऑफ द मैच” के सम्मान से नवाजा गया। मैच के दौरान संयुक्त आयुक्त आर.के. सिंह, उप आयुक्त प्रद्युम्न गुप्ता, उप आयुक्त समीर श्रीवास्तव तथा सहायक आयुक्त मयंक जैन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए दोनों टीमों की खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर आईसीएआई मथुरा शाखा के अध्यक्ष सीए लोकेश वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं शाखा के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मैत्री मैच विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।यह मैत्री क्रिकेट मुकाबला केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, जीएसटी विभाग और आयकर विभाग के अधिकारियों के बीच सहयोग, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।











