
हाथरस 25 जुलाई। महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित एवं सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से तहसील सदर सभागार, अलीगढ़ रोड पर महिला जनसुनवाई, नारी चौपाल एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सभी को गंभीरता से कार्य करना होगा तथा उन्हें आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा के दो मामलों सहित महिला उत्पीड़न एवं अन्य समस्याओं से जुड़े कुल पांच प्रकरण सामने आए। राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय मिल सके। उन्होंने महिला थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए महिला थानाध्यक्ष को प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में महिला कल्याण एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मीना कुमारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा महिला उत्पीड़न के मामलों में पीड़िताओं को परामर्श, संरक्षण और विधिक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, महिला थाना प्रभारी, महिला कल्याण विभाग के संरक्षण अधिकारी, केस वर्कर, जेंडर स्पेशलिस्ट, आउटरीच वर्कर, पीएलवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





