
हाथरस 24 जुलाई। जिले में अप्रैल, मई और जून माह के दौरान शराब बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आबकारी विभाग की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, तीन महीनों में देशी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल बिक्री करीब 115 करोड़ रुपये रही, जिसके आधार पर हाथरस का आबकारी विभाग प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा। रिपोर्ट में बताया गया है कि जिले में शराब की मांग बढ़ने के साथ ही देशी, विदेशी शराब और बीयर की बिक्री में भी इजाफा हुआ है। वहीं, विभाग अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चला रहा है।
जिले में देशी, कम्पोजिट और भांग के कुल 120 ठेके संचालित हैं। जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन गोस्वामी के अनुसार, शराब की दुकानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और यदि कहीं निर्धारित एमआरपी से अधिक दर पर बिक्री या दुकान के बाहर शराब पिलाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उत्तर प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शराब की बिक्री से 15,809 करोड़ रुपये का उत्पाद शुल्क राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 11% अधिक है। इस बढ़ते राजस्व को जहां विभागीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, वहीं विशेषज्ञ नशा मुक्ति और जनजागरूकता अभियानों को भी जरूरी मान रहे हैं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










