सासनी 23 जुलाई। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल, प्रखंड सासनी के तत्वावधान में आज गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से भारतीय देशी गोवंश की सुरक्षा, संवर्धन एवं गोमाता को संवैधानिक सम्मान दिलाने की मांग को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद हाथरस के जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने कहा कि भारतीय संस्कृति, धर्म और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोमाता का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी आधार है। विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान की मर्यादा में रहकर अहिंसक तरीके से देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ अथवा ‘राष्ट्र आराध्या’ का संवैधानिक दर्जा देने तथा देशी गोवंश के संरक्षण के लिए एक समान केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग की जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से केंद्रीय गो सेवा मंत्रालय के गठन, गोचर भूमि की सुरक्षा के लिए गोचर बोर्ड बनाने, गो-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, पंचगव्य उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालयों के पाठ्यक्रम में ‘गो महात्म्य’ विषय शामिल करने की भी मांग रखी। इस अवसर पर जिला संपर्क प्रमुख डॉ. विकास सिंह, प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक अंकित उपाध्याय, अंकित शर्मा (गोलू), अमन भार्गव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गोभक्त उपस्थित रहे। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर गो संरक्षण के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।