सिकन्दराराऊ (हसायन) 23 जुलाई। कस्बा हसायन के मुख्य बाजार स्थित मोहल्ला किशन अहीरान में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन सात दिन बाद भी ठीक नहीं हो सकी है। इसके चलते नगर में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है और लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई को पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया था। रिसाव के कारण रामेश्वर सिंह यादव की दुकान और मकान की नींव में पानी भर गया, जिससे दुकान के साथ मकान की दीवार भी चटककर क्षतिग्रस्त हो गई। गुरुवार को सातवें दिन भी नगर पंचायत की ओर से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य जारी रहा। सफाई कर्मियों द्वारा खुदाई कर पाइपलाइन को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। पेयजल आपूर्ति ठप होने से नगर पंचायत के सभी 10 वार्डों के निवासी पानी की एक-एक बूंद के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि लगातार सात दिन से पानी न मिलने के कारण दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संदीप सारस्वत ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द पाइपलाइन ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।