Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 जुलाई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के तहत थाना हाथरस गेट पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना हाथरस गेट पुलिस गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गंदा नाला, पुरानी मोर्चरी के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट की हीरो मोटरसाइकिल तथा एक बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित पुत्र सत्यवीर निवासी ग्राम भाड़, थाना हसायन, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर से शौक पूरे करने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं मिलने पर वह भीड़भाड़ वाले इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करता था और उन्हें राह चलते अनजान लोगों को बेच देता था। चोरी के वाहनों से मिलने वाले रुपये वह अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था। उसने यह भी बताया कि वह चोरी के वाहनों को बेचने के लिए एक स्थान पर इकट्ठा कर रहा था और मंगलवार को बरामद मोटरसाइकिल बेचने निकला था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने पूर्व में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में थाना हाथरस गेट में मु0अ0सं0 323/2026 के तहत धारा 317(2) एवं 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page