
सिकन्दराराऊ 22 जुलाई। कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र में खेत पर हुई पुरानी कहासुनी को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने रास्ते में रोककर युवक के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित गिरीश कुमार निवासी गांव नारई के अनुसार, घटना 21 जुलाई की सुबह की है। वह अपने घर से बाजार जा रहा था। इसी दौरान गांव इकबालपुर के बाहर रास्ते में गांव के ही रिंकू और राज कुमार मिल गए। आरोप है कि खेत पर पहले हुई कहासुनी को लेकर दोनों ने गिरीश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में गिरीश के सिर में गंभीर चोट आई और शरीर पर कई जगह चोटों के निशान आए हैं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद गिरीश ने कोतवाली सिकंदराराऊ में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






