
हाथरस 22 जुलाई। जनपद में पशुओं को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने और पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के अंतर्गत एफएमडी (फुट एंड माउथ डिजीज) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण जागरूकता एवं मोबाइल वेटरिनरी यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि एफएमडी जैसी संक्रामक बीमारी से पशुओं की सुरक्षा के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद के सभी गांवों और गौशालाओं में अभियान संचालित करते हुए अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पशुपालकों को इसके प्रति जागरूक किया जाए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि जनपद में 22 जुलाई से 4 सितंबर तक एफएमडी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के लिए 17 टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। जनपद को इस अभियान के लिए 4 लाख 38 हजार 200 वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। टीकाकरण का कार्य पशु चिकित्सकों, पशुधन प्रसार अधिकारियों, मोबाइल वेटरिनरी यूनिट की टीमों एवं पशु मित्रों द्वारा किया जाएगा तथा प्रत्येक टीकाकरण का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जिन पशुओं का पंजीकरण नहीं हुआ है, उनके कान में पहले टैग या छल्ला लगाया जाएगा, उसके बाद ही टीकाकरण किया जाएगा। विभाग ने सभी पशुपालकों एवं ग्राम प्रधानों से अपील की है कि वे टीकाकरण एवं टैगिंग कार्य में विभागीय टीमों का सहयोग करें, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इसके प्रभारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. मुकेश कुमार तथा जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. गोपाल सिंह को बनाया गया है।इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, विभागीय कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









