
हाथरस 12 अगस्त। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव पट्टी सामंत में युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पट्टी सामंत निवासी मिंटू पुत्र कैलाश कुमार ने थाना अध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि 11 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह अपने घर के सामने मौजूद था। इसी दौरान गांव के प्रयांशू, अमित और दो अन्य युवक वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर चारों ने मिंटू के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित के मुताबिक आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद मिंटू ने थाना चंदपा पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









