हाथरस 22 जुलाई । श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हाथरस में भूजल जागरूकता अभियान के अंतर्गत भूजल सप्ताह के अवसर पर ‘जल संरक्षण’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशानिर्देशन में तथा नोडल अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी, डॉ. रंजना प्रकाश एवं डॉ. शशि के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. ललितेश तिवारी एवं डॉ. रंजना प्रकाश ने किया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में भूजल संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा जल संसाधनों के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करना था। छात्राओं ने अपने आकर्षक और संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से जल संकट, भूजल के अंधाधुंध दोहन, वर्षा जल संचयन तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में अंशिका शर्मा ने प्रथम, कुमकुम शर्मा ने द्वितीय तथा अनुष्का तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं दिशा शर्मा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नेहा यादव एवं डॉ. वार्षिका गुप्ता ने प्रतिभागियों के पोस्टरों का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण और भूजल बचाने का प्रभावी संदेश दिया गया। कार्यक्रम की जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी कु. नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा उपलब्ध कराई गई।











