सादाबाद 21 जुलाई। हाथरस रोड पर आज सुबह सलेमपुर बंबा के निकट एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नींद की झप्पी आने के कारण कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय मासूम समेत छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार से टकराने के बाद ट्रक चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। स्विफ्ट डिजायर कार में सवार लोग झांसी में आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सादाबाद से हाथरस की ओर लौट रहे थे। सलेमपुर बंबा के पास पहुंचते ही चालक को नींद का झोंका आ गया, जिससे कार अनियंत्रित हो गई। हादसे में कार सवार रानी पत्नी चंद्रभान, निवासी किला मेंवई, खुर्जा, बुलंदशहर की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में अर्पित चौधरी पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी गणेश नगर, मेरठ; प्रवेश पुत्र रामपाल सिंह; कुसुम देवी पत्नी रामपाल सिंह दोनों निवासी किला मेंवई, खुर्जा, बुलंदशहर, कल्पना कुमारी पत्नी अर्पित चौधरी, निवासी गणेश नगर, मेरठ और दो वर्षीय अर्पिता पुत्री अर्पित शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया। हादसे में ट्रक पर सवार सुहान और रिहान भी घायल हुए, जिनका उपचार कराया गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








