
लखनऊ 21 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित प्रदेश कैबिनेट की बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी गई। योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की पात्र छात्राओं को पेट्रोल चालित स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही स्कूटी का पंजीकरण, बीमा, आईएसआई प्रमाणित हेलमेट, आवश्यक एक्सेसरीज़ और पांच लीटर पेट्रोल भी सरकार की ओर से दिया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे प्रदेश की करीब 50 हजार छात्राओं को लाभ मिलेगा। योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक है। पात्रता के अनुसार प्रदेश के सभी प्रकार के महाविद्यालयों की स्नातक अंतिम वर्ष की टॉप-5 प्रतिशत छात्राएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगी। सरकार ने दिव्यांग, शहीद परिवारों और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को विशेष प्राथमिकता देने का भी निर्णय लिया है। इन वर्गों की छात्राओं के लिए केवल स्नातक उत्तीर्ण होना ही पात्रता होगी। योजना के तहत स्कूटियों की खरीद गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। कैबिनेट बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के अलावा महिला छात्रावासों के निर्माण, शोध पीठों की स्थापना तथा उच्च शिक्षा एवं आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।








