
हाथरस 21 जुलाई 2026। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को निरीक्षण में मिली कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने रुहेरी कट से हाथरस बाईपास होते हुए सासनी क्षेत्र तक विभिन्न स्थानों का दौरा किया। जिलाधिकारी ने हाथरस बाईपास पुल के नीचे जमा मलबा तत्काल हटाने तथा भूमि का समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं सासनी मंडी एवं आसपास जलभराव की स्थिति पर संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर पंपसेट के माध्यम से तत्काल जल निकासी कराने तथा भविष्य में स्थायी समाधान के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद अधिकारियों ने सासनी-कैलोरा-इगलास चौराहे का निरीक्षण किया। यहां हाईमास्ट लाइट लगाने, जलभराव वाले स्थानों की मरम्मत कराने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मार्ग के ब्लैक स्पॉट सहित आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उनके आवागमन के लिए अलग लेन तैयार की जाए। इसके लिए सैंड बैग लगाए जाएं और उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई जाए, ताकि रात्रि में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर शिविर निर्धारित दूरी पर ही लगाए जाएं, जिससे यातायात प्रभावित न हो। शिविरों में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत पोलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी कर ली जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था की सतत निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उपजिलाधिकारी सासनी, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










