हाथरस 20 जुलाई। थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव खेरिया में इलाज के लिए बाहर गए परिवार के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर नगदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव खेरिया लाइन निवासी शंकर लाल पुत्र रेवती लाल ने थाना सहपऊ में दी तहरीर में बताया कि वह पिछले आठ दिनों से इलाज कराने के लिए सादाबाद गए हुए थे। रविवार 19 जुलाई 2026 को जब वह घर वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। पीड़ित ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी दो सोने की चेन, एक जोड़ी झुमकी, पायल, कमरबंद और 6 हजार रुपये नकद गायब थे। उन्होंने बताया कि उनका एक बेटा गाजियाबाद में नौकरी करता है और अलमारी में रखे जेवर उसी के थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद शंकर लाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में चोरी गए सामान का पूरा विवरण भी दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













