Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 जुलाई। आज प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली। कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार के लिए प्रदेश के 18 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बांदा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी शामिल हैं। इसके अलावा 45 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट और करीब 60 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। आज तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। बरेली में सर्वाधिक 174 मिमी, लखीमपुर खीरी में 160 मिमी, रामपुर में 152 मिमी तथा शाहजहांपुर में 150.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई माह में प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य स्तर के करीब पहुंच गई है। 20 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में 160.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 170.3 मिमी है। यानी अब तक केवल 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मान रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page