Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 जुलाई। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जनपद हाथरस के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी क्रम में विकास खंड मुरसान की ग्राम पंचायत दयालपुर निवासी श्रीमती रामवती पत्नी छोटेलाल के जीवन में इस योजना ने नई उम्मीद, सुरक्षा और सम्मान का संचार किया है। करीब 50 वर्षीय श्रीमती रामवती अनुसूचित जाति वर्ग से हैं तथा दिव्यांग होने के बावजूद लंबे समय तक अपने पति और तीन बच्चों के साथ कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। बरसात के मौसम में मकान टपकता था, जबकि गर्मी और सर्दी के दौरान भी परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परिवार की आजीविका मनरेगा एवं मजदूरी पर निर्भर थी, जिससे किसी प्रकार घर का खर्च चल पाता था। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्का आवास स्वीकृत होने के बाद आज रामवती का परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपने स्वयं के पक्के मकान में रह रहा है। आवास के साथ ही परिवार को बिजली कनेक्शन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी लाभ मिला है। श्रीमती रामवती ने बताया कि पहले आंधी, तूफान और बारिश के समय परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब पक्का मकान मिलने से उनकी सभी चिंताएं दूर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना ने उन्हें केवल सुरक्षित आशियाना ही नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया है। रामवती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार का जीवन बदल दिया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मानजनक जीवन और खुशहाली का मजबूत आधार बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page