
हाथरस 20 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस रॉयल द्वारा आज वसुंधरा पुरम, लहरा रोड में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के 11 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यों ने “हर लगाया गया पौधा, बेहतर कल की ओर एक कदम” का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया एवं सचिव डॉ लक्ष्मी अरोरा ने संयुक्त रूप से कहा कि इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस रॉयल समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करता रहेगा। वृक्षारोपण अभियान में क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया, सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा, पूर्व अध्यक्ष राधा गावर, संपादक नेहा गुप्ता, पूजा सिंह, सीमा सबलोक एवं दीप्ति अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।








