
हाथरस 18 जुलाई। गोवर्धन के विश्वप्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर हाथरस रोडवेज डिपो ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिपो द्वारा 23 जुलाई से विशेष बस सेवा शुरू की जाएगी। प्रारंभिक चरण में 30 बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या में भी वृद्धि की जाएगी। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि गुरु पूर्णिमा एवं मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान गोवर्धन और मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर वर्ष काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पहले से ही विशेष संचालन योजना तैयार की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर संचालित बसों को भी मेले के लिए लगाया जाएगा, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। विशेष बस सेवा के सफल संचालन के लिए डिपो की सभी बसों की तकनीकी जांच एवं मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। खराब बसों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जा रहा है। बसों के ब्रेक, टायर, इंजन सहित सभी आवश्यक उपकरणों की गहन जांच की जा रही है, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो। इसके साथ ही चालक एवं परिचालकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार मेले के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालक और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे विशेष बस सेवा का संचालन सुचारु एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











