
हाथरस 18 जुलाई। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में आज पगड़ी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में सीओ सिटी योगेन्द्र कृष्णा नारायण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में सर्वप्रथम कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा यशिका गौड़ को मुख्य अतिथि द्वारा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यालय के चेयरमैन बी.एल. शर्मा ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य मेधावी विद्यार्थियों शिवा (97.8%), व्योम मित्तल (97.6%), अनन्या जैन (96.8%), विभोर अग्रवाल (95.6%) एवं राघव मित्तल (95.6%) को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इसी क्रम में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 21 अन्य विद्यार्थियों को भी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय सभागार में उपस्थित सभी अभिभावकों का भी स्कूल प्रबंधन द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या विद्या प्रतीक बर्टक्के ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय के चेयरमैन बी.एल. शर्मा ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम की सराहना की।

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










