
हाथरस 12 अगस्त। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के ओढ़पुरा तिराहा के निकट स्थित एक गलीचा फैक्टरी में आज दोपहर शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फैक्टरी में रखा लाखों रुपये का कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से बढ़ती गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार गणपति नगर निवासी अनुज माहेश्वरी की ओढ़पुरा के पास गलीचा फैक्टरी है। आज दोपहर अचानक फैक्टरी में शार्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। फैक्टरी से धुआं उठता देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में लपटें ऊंची उठने लगीं। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक फैक्टरी में रखा धागा, गलीचा, मशीन और अन्य सामान जल चुका था। फैक्टरी स्वामी अनुज माहेश्वरी ने आग से लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।









