Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के मतदेय स्थलों (मतदान केंद्रों) की सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मतदेय स्थलों के सम्भाजन (युक्तिकरण) एवं परिवर्तन से संबंधित प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित सभी मतदेय स्थलों का संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है। सत्यापन के दौरान प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार परीक्षण करने के बाद मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके उपरांत अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को अपने मतदान केंद्र तक सहज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध कराना तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार पहले चरण में राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे, जिनका गंभीरता से परीक्षण किया गया। अंतिम बैठक में भी सभी दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता हित में अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें विधिवत अभिलेखित किया गया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि मतदेय स्थलों के संबंध में कोई अंतिम आपत्ति या सुझाव शेष हो, तो उसे तत्काल संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराएं, ताकि उसका समयबद्ध परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के अंतिम प्रकाशन से पूर्व सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा, पारदर्शिता एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, भाजपा के प्रशासनिक कार्य प्रमुख सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, बसपा जिलाध्यक्ष राजकपूर, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाह, कांग्रेस जिला महासचिव कपिल सिंह, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव, सीपीआई (एम) के सचिव श्याम सिंह वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page