Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जुलाई। तहसील सादाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनसुनवाई करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं अन्य मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष ढंग से शिकायतों का निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी शिकायत का समय से निस्तारण नहीं होता है या फरियादी को एक ही समस्या लेकर बार-बार आना पड़ता है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने भूमि विवादों के संबंध में कहा कि जिन मामलों में पैमाइश कर कब्जा मुक्त कराया जा चुका है और कोई व्यक्ति उससे असंतुष्ट है, तो उसे सक्षम अपीलीय न्यायालय में जाने का वैधानिक अधिकार है। लेकिन यदि कोई व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेकर दोबारा अवैध कब्जा या अतिक्रमण करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सादाबाद में कुल 59 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। वहीं तहसील सिकंदराराऊ में 45 शिकायतों में से 3, तहसील हाथरस में 52 शिकायतों में से 5 तथा तहसील सासनी में 22 शिकायतों में से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सादाबाद, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एसओसी चकबंदी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, एलडीएम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, जल निगम एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page