
हाथरस 18 जुलाई। आमजन को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग के सहयोग से जनपद में तीन दिवसीय विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य डाकघर हाथरस, पोस्ट ऑफिस कैंप हसायन तथा विकास भवन परिसर में 21 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन विशेष कैंपों के माध्यम से नागरिकों को नया आधार नामांकन, आधार में संशोधन (अपडेट), विवरण अद्यतन तथा अन्य आवश्यक आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर सुविधाजनक तरीके से आवश्यक सेवाएं मिल सकें। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिन व्यक्तियों को नया आधार बनवाना हो अथवा आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक या अन्य किसी प्रकार का संशोधन एवं अद्यतन कराना हो, वे निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम विशेष आधार कैंप में पहुंचकर इन सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य पात्र नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सरल, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।











