
हाथरस 14 जुलाई। पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे एवं उसकी निशानदेही पर चोरी की एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को वादी प्रदीप भारद्वाज, पुत्र निरंजन प्रसाद भारद्वाज, निवासी गुडहाबाग, सासनी गेट, थाना कोतवाली नगर, हाथरस ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनकी स्कूटी (संख्या UP86N3669) को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गंगाधाम कॉलोनी के पास से राधे पुत्र लक्ष्मण, निवासी छिपैटी जैन गली, थाना कोतवाली नगर, हाथरस को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे एवं उसकी निशानदेही पर चोरी की एक स्कूटी और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में किया चोरी का कबूलनामा
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में ग्राहकों को बेच देता था। आरोपी ने बताया कि 11 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उसने थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित रंजना वाटिका नहर के पास से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP81 CW 5751) चोरी की थी, जिसे उसने काशीराम कॉलोनी में पानी की टंकी के पास छिपा दिया था। इसके बाद उसी दिन शाम को उसने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गोपेश्वर मंदिर के पास से एक स्कूटी चोरी की, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













