
हाथरस 13 जुलाई। क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आज शाम चंदपा थाने के सामने स्थित भगवान धर्म कांटे के पास से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार महमूदपुर निवासी राधा रमन अपने बेटे गौरव के साथ बाजार गए थे और बाइक भगवान धर्म कांटे के पास खड़ी कर दी थी। इसी दौरान पीली शर्ट और सफेद गमछा पहने एक युवक बाइक लेकर फरार होने लगा। परिजनों के अनुसार नाती प्रशांत ने युवक को बाइक ले जाते देखा और शोर मचाया। इसके बाद गौरव ने इलेक्ट्रिक स्कूटी से उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चंदपा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।






