Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 जुलाई। एक्जीक्यूटिव क्लब, बरेली में रविवार को रोटरी इंटरनेशनल मंडल 3110 की वार्षिक अवॉर्ड सेरेमनी हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई। समारोह में मंडलाध्यक्ष सीए रोटेरियन राजन विद्यार्थी ने मंडल के विभिन्न रोटरी क्लबों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों एवं सेवा गतिविधियों के लिए सम्मानित किया। इस भव्य समारोह में मंडल 3110 के लगभग 100 रोटरी क्लबों के करीब 200 रोटेरियंस ने भाग लिया। कार्यक्रम में बरेली, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, फर्रुखाबाद, मथुरा सहित विभिन्न जनपदों से रोटेरियंस उपस्थित रहे। रोटरी क्लब हाथरस गोल्ड की ओर से सचिव एवं मेजर डॉनर रोटेरियन श्रीकृष्ण खेतान, अध्यक्ष रोटेरियन सतीश गोयल, सह मंडलाध्यक्ष (असिस्टेंट गवर्नर) रोटेरियन आर.सी. नरूला, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन राकेश बंसल तथा पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन योगेंद्र मोहता ने समारोह में सहभागिता की। समारोह में रोटरी क्लब हाथरस गोल्ड को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए कुल 10 प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। क्लब को कन्या उदय, आरोग्य उदय, शिक्षा उदय, तरु उदय, रक्त उदय, पथ प्रदर्शक तथा सदस्यता वृद्धि जैसी विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त, मेजर डॉनर रोटेरियन श्रीकृष्ण खेतान को मंडल के प्रथम मेजर डॉनर के रूप में विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें क्लब के सचिव के रूप में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए भी सम्मानित किया गया। वहीं, क्लब अध्यक्ष रोटेरियन सतीश गोयल को बेहतर नेतृत्व एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में रोटेरियन आरसी नरूला को मंडल 3110 का बेस्ट असिस्टेंट गवर्नर चुना गया और उन्हें इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब हाथरस गोल्ड की इस उल्लेखनीय सफलता पर क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्लब के सामूहिक सेवा भाव, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page