Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 12 जुलाई। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से लापता हुए 12 वर्षीय बालक को हाथरस पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग की शहरवासियों ने सराहना की है। पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसका 12 वर्षीय पुत्र अर्थव शर्मा दोपहर करीब 3 बजे ट्यूशन के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। साथ ही सर्विलांस सेल को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीमों ने बालक की फोटो लेकर आसपास के गांवों और मोहल्लों में पूछताछ की। बस स्टैंड, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तलाश अभियान चलाया गया तथा सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से भी उसकी फोटो प्रसारित की गई। इसके अलावा पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस सेल की तकनीकी सहायता एवं अन्य इनपुट के आधार पर लगातार प्रयास किए। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने मात्र 5 घंटे के भीतर बालक को टूंडला (फिरोजाबाद) रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद बालक को थाना लाकर उसके परिजनों को बुलाया गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसके त्वरित एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। वहीं शहरवासियों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page