
हाथरस 10 जुलाई। शहर की कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित नजिहाई बाजार में दवा लेने गए एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। सीकनापान गली निवासी राकेश कुमार पुत्र गिर्राज किशोर ने कोतवाली सदर में दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र ललित कुमार दवा लेने के लिए नजिहाई बाजार गया था। आरोप है कि इसी दौरान कान्हा वार्ष्णेय, चिराग वार्ष्णेय और कुलदीप वार्ष्णेय ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। तहरीर के अनुसार, आरोपितों ने युवक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज भी की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद ललित घर पहुंचा और परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद राकेश कुमार ने कोतवाली सदर पहुंचकर तीनों आरोपितों के विरुद्ध लिखित शिकायत देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Next News :-पुलिस के नाम पर महिला से 75 हजार रुपये की अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












