हाथरस 18 जुलाई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय एमएलसी प्रत्याशी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने शनिवार को हाथरस और सादाबाद क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं से मुलाकात कर अपने पक्ष में समर्थन मांगा और चुनावी मुद्दों पर चर्चा की।
जनसंपर्क के दौरान डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि प्रदेश का स्नातक मतदाता अब बदलाव चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रतिनिधियों ने अपने कार्यकाल में अपेक्षित कार्य नहीं किए, न ही नियमित रूप से मतदाताओं के बीच पहुंचे और न ही विकास कार्यों एवं निधि के उपयोग को लेकर पारदर्शिता दिखाई। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है तो वे स्नातक वर्ग की समस्याओं को मजबूती से विधान परिषद में उठाएंगे तथा शिक्षा, रोजगार, युवाओं के हित और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी आवाज बनेंगे। डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने दावा किया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान मतदाताओं से उन्हें सकारात्मक समर्थन और उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने कहा कि लोगों ने स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिचितों एवं अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सुबह से शुरू हुआ जनसंपर्क अभियान देर शाम तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों से संवाद स्थापित किया गया। डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने विश्वास व्यक्त किया कि उन्हें स्नातक मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिलेगा और वे विधान परिषद में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।






