Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 जुलाई। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में मिलने वाली डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब टीबी मरीजों को डीबीटी का लाभ प्राप्त करने के लिए जिला क्षय रोग केंद्र पर स्वयं उपस्थित होकर ऑनलाइन फोटो सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2026 से पहले टीबी मरीज केवल अपना आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण जिला क्षय रोग केंद्र में उपलब्ध कराकर या व्हाट्सएप के माध्यम से बैंक विवरण भेजकर डीबीटी के लिए अपना बैंक खाता अपडेट करा सकते थे। इसके बाद पोषण सहायता की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेज दी जाती थी। नई व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक टीबी मरीज को जिला क्षय रोग केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर ऑनलाइन फोटो सत्यापन कराना होगा। फोटो सत्यापन और बैंक विवरण अपडेट होने के बाद ही मरीज को डीबीटी के माध्यम से प्रति माह 1,000 रुपये की पोषण सहायता मिलेगी। यह सहायता अधिकतम छह माह तक प्रदान की जाएगी, जिसके तहत मरीज को कुल 6,000 रुपये की राशि उसके बैंक खाते में भेजी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह सुविधा उन सभी पंजीकृत टीबी मरीजों के लिए उपलब्ध है, चाहे वे उपचार सरकारी अस्पताल में करा रहे हों या किसी निजी चिकित्सक से टीबी की दवा ले रहे हों। विभाग ने बताया कि कई बार निजी चिकित्सकों द्वारा मरीजों को संक्रमण बताकर टीबी का उपचार शुरू कर दिया जाता है, जबकि मरीज को टीबी होने की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। ऐसे मरीज भी राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। टीबी के प्रमुख लक्षण दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी रहना, बलगम आना या बलगम में खून आना, लगातार वजन कम होना, शरीर में बुखार या कमजोरी महसूस होना, छाती में दर्द होना, गले या शरीर के किसी भाग में गांठ होना एवं  महिलाओं में गर्भाशय की नलिकाओं के प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या जिला क्षय रोग केंद्र पर जांच कराएं। समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है तथा मरीज सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page