Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 जुलाई । थाना क्षेत्र के गांव हेली भाग मिढावली में दलित परिवार पर घर में घुसकर मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव हेली भाग मिढावली निवासी संजीव पुत्र सोनवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर है और गांव के बाहर एक ट्यूबवेल की कोठरी में परिवार के साथ रहता है। संजीव के अनुसार, 7 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे बनी सिंह उर्फ बिजेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, राहुल, गोपाल और शुभम सरिया और डंडे लेकर उनकी कोठरी पर पहुंचे। आरोपियों ने घर में घुसकर संजीव की पत्नी प्रीति और बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी। संजीव ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर पास के खेत में काम कर रहे मुकेश कुमार और ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों के हाथों में चोटें आईं। तहरीर में यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि यदि संजीव दोबारा वहां दिखाई दिया तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे और जिस कोठरी में वह रह रहा है, उसे जेसीबी से गिरा देंगे। संजीव ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई और सादाबाद थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page