सादाबाद 09 जुलाई । बिसावर क्षेत्र के गांव पचावरी में 30 घंटे से अधिक समय से हो रही लगातार बारिश ने गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। गांव की पहले से ओवरफ्लो पोखर का गंदा पानी अब कई घरों में घुस गया है। इससे हैंडपंप पानी में डूब गए हैं और ग्राम सचिवालय परिसर भी जलमग्न हो गया है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बारिश के कारण गांव की गलियां तालाब में बदल गई हैं। कई घरों में पानी भरने से घरेलू सामान खराब हो रहा है। एक ग्रामीण, जिसके पैर में प्लास्टर चढ़ा हुआ है, उसे भी जलभराव के बीच आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में चिंता है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी पोखर से जल निकासी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था और स्थानीय प्रशासन व विकास विभाग को कई बार शिकायतें दी थीं। उस समय केवल एक दिन के लिए पंप और ट्रैक्टर लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें हर बरसात में ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने केवल खानापूर्ति की और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। इस बीच, राष्ट्रवादी पार्टी के मंडल प्रभारी सनी भारत ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरा गांव जलभराव से परेशान है, तो संबंधित अधिकारियों को यह समस्या क्यों नहीं दिख रही। बीडीओ सुरेश कुमार ने बताया कि ग्राम पचावरी की समस्या उनके संज्ञान में आ चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आज ही टीम भेजकर पंप के माध्यम से पानी निकलवाया जाएगा।























