Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जुलाई । जिले में मंगलवार शाम से लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन के साथ-साथ कृषि व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अलीगढ़ रोड स्थित नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में बुधवार को पूरे दिन कारोबार ठप रहा। लगातार वर्षा के कारण किसान अपनी मक्का और बाजरे की फसल मंडी तक नहीं पहुंचा सके, जिससे मंडी में मक्का की आवक पूरी तरह शून्य रही।

मंडी में आई गीली मक्का को आढ़तियों ने सुखाने के लिए खुले में फैलाया था, लेकिन अचानक शुरू हुई तेज बारिश से उसे समेटने का मौका नहीं मिला। तिरपाल से ढकने के प्रयास के बावजूद तेज बौछारों के कारण बड़ी मात्रा में मक्का भीग गई, जिससे किसानों और आढ़तियों दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि जब तक मौसम साफ नहीं होता, तब तक मंडी में सामान्य कारोबार शुरू होने की संभावना कम है। वहीं किसान खेतों में खड़ी और कटी फसल को लेकर भी चिंतित हैं, क्योंकि लगातार बारिश से फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। मंडी सचिव अनिल कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से खराब मौसम के चलते मंडी में मक्का की आवक पूरी तरह बंद है।

आंकड़ों पर एक नजर डालें तो जनपद में इस वर्ष लगभग 17 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में मक्का की खेती की गई है। अब तक मंडी में 2 लाख 71 हजार क्विंटल मक्का की आवक दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले वर्ष 7 जुलाई तक यह आंकड़ा 1 लाख 25 हजार क्विंटल था। वर्तमान में मंडी में मक्का का भाव 1,400 से 1,800 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है। लगातार बारिश के कारण फिलहाल मंडी में मक्का की आवक पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page