
हाथरस 09 जुलाई । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के निर्देशानुसार जनपद में संचालित झोलाछाप क्लीनिकों एवं अवैध चिकित्सालयों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान के तहत आज भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो निजी क्लीनिकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
लोट्स हॉस्पिटल में मिला समाप्त पंजीकरण
केनरा बैंक के सामने छीतीपुर हसायन, रति का नगला रोड स्थित लोट्स हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक मौके पर अनुपस्थित मिले। अस्पताल संचालक अवधेश कुमार ने चिकित्सालय का पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया, जो 30 अप्रैल 2026 को ही समाप्त हो चुका था। संचालक नवीनीकरण के लिए आवेदन संबंधी कोई अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए कि चिकित्सक की उपलब्धता एवं चिकित्सालय का वैध पंजीकरण होने तक अस्पताल बंद रखा जाए।
माता रानी क्लीनिक से मांगे गए अभिलेख
सिकन्द्राराऊ रोड स्थित सलेमपुर में संचालित माता रानी क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं मिले। मौजूद स्टाफ ने बताया कि चिकित्सक बाहर गए हुए हैं। क्लीनिक के पंजीकरण एवं अन्य वैध अभिलेख भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। विभागीय टीम ने क्लीनिक संचालक नितिन भारद्वाज को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए कि 10 जुलाई 2026 को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर क्लीनिक के पंजीकरण एवं अपनी शैक्षिक योग्यता से संबंधित सभी अभिलेख प्रस्तुत करें। मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित क्लीनिकों एवं चिकित्सालयों के विरुद्ध निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Next News :-पारिवारिक विवाद में बेटे-बहू पर पिता और दो भाइयों से मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













