
हाथरस 09 जुलाई । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार दो लोगों की कुल 53,067 रुपये की धनराशि शत-प्रतिशत उनके बैंक खातों में वापस कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 जुलाई को ग्राम ककोड़ी, थाना चंदपा निवासी नीरू आजाद पत्नी रतनेश कुमार ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खाते से एक अनजान लिंक के माध्यम से 24,657 रुपये निकाल लिए गए हैं। वहीं 06 जुलाई को ग्राम अल्लैपुर, थाना चंदपा निवासी प्रमोद कुमार पुत्र ओमप्रकाश ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके खाते से अनजान लिंक के जरिए 28,410 रुपये की धनराशि कट गई है।
दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए टीम ने ट्रांजेक्शन का विवरण जुटाया और संबंधित लाभार्थी खातों को डेबिट फ्रीज कराकर धनराशि को सुरक्षित कराया। साइबर क्राइम पुलिस टीम की सक्रियता, त्वरित कार्रवाई एवं लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप 09 जुलाई 2026 को दोनों पीड़ितों की कुल 53,067 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि उनके बैंक खातों में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता नीरू आजाद एवं प्रमोद कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए थाना चंदपा पहुंचकर हाथरस पुलिस का आभार जताया। उन्होंने थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई से उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
























