Hamara Hathras

Latest News

हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस की सीमा विस्तारित क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 स्थित गांव दयानतपुर में ओवरफ्लो हो चुकी पोखर स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पोखर का जलस्तर लगातार बढ़ने से हल्की बारिश में भी गंदा पानी रिहायशी इलाके तक पहुंच जाता है, जिससे जलभराव, गंदगी और बीमारियों का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पोखर में गांव का गंदा एवं दूषित पानी आता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण पोखर का पानी निकलने वाले रास्ते तक पहुंच चुका है। इससे क्षेत्र में जहरीले कीड़ों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन नगर पालिका परिषद द्वारा अब तक स्थायी जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भारी बारिश के दौरान पोखर का पानी लोगों के घरों में घुस सकता है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होगा। वार्डवासियों ने मांग की है कि पोखर की नियमित जल निकासी कर उसका जलस्तर नियंत्रित रखा जाए, ताकि क्षेत्र को जलभराव और उससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके। साथ ही सफाई व्यवस्था को भी नियमित किया जाए, जिससे गंदगी और मच्छरों व जहरीले कीड़ों के प्रकोप पर नियंत्रण पाया जा सके। इस संबंध में श्याम रावत, हरिकिशन रावत, प्रशांत रावत, बॉबी पहलवान, रूप किशोर, संजय, व्यासीराम, रामप्रसाद, उदल, गोपाल कृष्ण, करण सिंह, हुकम सिंह, कालीचरण सहित वार्ड नंबर-11 के अनेक निवासियों ने नगर पालिका परिषद से शीघ्र कार्रवाई करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page