Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 जुलाई। हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव बिसरात निवासी एक किसान की दो भैंस चोरी होने के मामले में कार्रवाई में देरी से नाराज पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित महावीर सिंह ने बताया कि 17 मई 2026 की रात करीब तीन बजे अज्ञात चोर उनके घर से लगभग तीन लाख रुपये कीमत की दो भैंस खोलकर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद 18 मई को महावीर सिंह ने थाना हाथरस गेट में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन तो दिया, लेकिन करीब 50 दिन बीत जाने के बावजूद न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। पुलिस की कार्यशैली से निराश होकर महावीर सिंह ने 7 जुलाई को पुलिस अधीक्षक, हाथरस को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page