
हाथरस 08 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत 12 जुलाई 2026 को जनपद हाथरस में 23 लाख 45 हजार 500 पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप समय से पौधों का उठान, वैज्ञानिक तरीके से रोपण तथा पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ गुरु के नाम”, महर्षि चरक औषधि वन, वंदे मातरम् वाटिका, कपि वन, समृद्धि वन तथा भाई-बहन वाटिका जैसी थीम आधारित गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्वयं सहायता समूहों, पूर्व सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि वन विभाग से प्राप्त 1,000 पौधों का पुलिस लाइन परिसर में पुलिस परिवारों एवं उनके बच्चों के माध्यम से रोपण कराया जा चुका है। प्रभागीय वनाधिकारी राकेश चन्द्र यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत हाथरस जनपद को 23.45 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। अभियान में ग्रामीण विकास विभाग को 9 लाख 41 हजार, वन विभाग को 4 लाख 71 हजार, कृषि विभाग को 2 लाख 79 हजार, उद्यान विभाग को 1 लाख 45 हजार, पर्यावरण विभाग को 1 लाख 7 हजार, पंचायती राज विभाग को 1 लाख 3 हजार तथा राजस्व विभाग को 73 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों में वन विभाग की 11 पौधशालाओं में आम, जामुन, अमरूद, बेल, महुआ, नींबू, कटहल, सहजन, इमली, अनार, पीपल, बरगद, अर्जुन, नीम, शीशम, सागौन, गुलमोहर, अमलतास, अशोक और कचनार सहित विभिन्न फलदार, छायादार, औषधीय एवं इमारती प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं। सभी विभागों को ऑनलाइन इंडेंट भी जारी कर दिए गए हैं। बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप निदेशक कृषि तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




















