Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 06 जुलाई। आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण से हुई। जिलाधिकारी ने पाकड़ तथा पुलिस अधीक्षक ने बरगद का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, श्रम, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से संचालित योजनाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके पर जाकर जांच कर निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा एक ही शिकायत के बार-बार आने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। हाथरस तहसील में प्राप्त 38 शिकायतों में से 5, सादाबाद तहसील में प्राप्त 39 शिकायतों में से 4, तथा सासनी तहसील में प्राप्त 16 शिकायतों में से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page