सासनी 05 जुलाई। थाना इगलास क्षेत्र के ग्राम पढ़ील में आज एक दर्दनाक हादसे में चारा लेने आए अधेड़ की ट्यूबवेल की हौदी में नहाते समय मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान किशन (50) पुत्र वित्तीराम, निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। वह भैंस पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। आज जब वह अपने छोटे बेटे टिंकू के साथ पैतृक गांव पढ़ील चारा लेने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, किशन ने खेत से चारा काटने के बाद ज्वार की फसल में सिंचाई के लिए नाली की सफाई की। इसके बाद उन्होंने बेटे टिंकू को गांव से खाना लाने के लिए भेज दिया। बेटे के जाने के बाद किशन खेत के पास बनी ट्यूबवेल की हौदी में नहाने लगे। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर हौदी में गिर पड़े।
कुछ देर बाद जब टिंकू खाना लेकर वापस लौटा तो उसने अपने पिता को हौदी में बेसुध पड़ा देखा। बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल किशन को हौदी से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। किशन की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।























