Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 04 जुलाई। कस्बे के विनोबा नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े साइकिल पर टंगा रुपयों से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में 40 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा तीन बैंक पासबुक रखी थीं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जलेसर रोड स्थित विनोबा नगर निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र रनवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 40 हजार रुपये निकाले थे। घर लौटने के बाद उन्होंने नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान एक बैग में रखकर उसे अपनी साइकिल पर टांग दिया। इसके बाद वह घर के अंदर स्थित अपनी दुकान खोलने चले गए। आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइकिल पर टंगा बैग चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब विजेंद्र सिंह बाहर आए तो बैग गायब मिला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित के अनुसार बैग में उनकी, उनकी पत्नी विमलेश कुमारी तथा पुत्र रोहन सिंह के नाम की भारतीय स्टेट बैंक की तीन पासबुक भी रखी थीं। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page