
सादाबाद 04 जुलाई। सादाबाद क्षेत्र के गांव धानौटी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने मथुरा के छह लोगों के खिलाफ धमकाने, गाली-गलौज करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धानौटी निवासी चौब सिंह पुत्र निरंजन सिंह ने सादाबाद थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी पुत्री सुनीता देवी मथुरा में रहती हैं। उनके अनुसार, सुनीता के पड़ोस में रहने वाले अनिल एडवोकेट के परिवार से उनका पुराना परिचय था। आरोप है कि कुछ समय पहले अनिल और उसके परिवार के सदस्यों ने सुनीता के साथ मारपीट की थी। शिकायत के अनुसार, मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के उद्देश्य से उनके पुत्र रवि कुमार ने अनिल के मोबाइल फोन पर बातचीत की। आरोप है कि बातचीत के दौरान अनिल, अमित, सुनील, सुशील, द्वारिका और ईशांत ने बारी-बारी से रवि कुमार के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि 24 जून की रात रवि कुमार के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने पहले उनकी व्यक्तिगत जानकारी ली और बाद में अपना नाम राजवीर बताते हुए समझौते के लिए सुनीता के मकान को बेचने की मांग की। पीड़ित चौब सिंह ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके बेटे की निजी जानकारी का दुरुपयोग कर किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस को बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

























