
सादाबाद 04 जुलाई। सादाबाद क्षेत्र के बिसावर गांव में ग्राम प्रधान एवं उनके पति के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों का विरोध करने पर कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बिसावर निवासी जगवेंद्र सिंह पुत्र जगदीश सिंह ने सादाबाद थाने में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव निवासी अमित कुमार पुत्र सुंदरलाल लंबे समय से सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी, जो ग्राम प्रधान हैं, तथा उनके संबंध में अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी। शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे जगवेंद्र सिंह इस संबंध में शिकायत करने अमित कुमार के घर गए थे। वहां आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई और विवाद हो गया। इसके बाद वह अपने घर लौट आए। पीड़ित का आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद अमित कुमार, उसकी पत्नी पूजा, सनी पुत्र गुलबीर निवासी सिकंदरा तथा मोनू निवासी गढ़ी हुलासी बाना उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि सनी ने डंडे से उनकी पत्नी रेखा चौधरी पर प्रहार किया, जिससे वह घायल हो गईं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
























