
हाथरस 07 जुलाई। जिले में मलेरिया ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट में दो नए मलेरिया संक्रमित मरीज मिलने के बाद विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। बारिश के मौसम में मच्छरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और रोकथाम के उपाय शुरू कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हसायन क्षेत्र के गांव नगला विजन निवासी 22 वर्षीय महिला मलेरिया से संक्रमित पाई गई है। महिला की जांच अलीगढ़ की एक निजी प्रयोगशाला में कराई गई थी, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। वहीं, सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव मीरपुर का एक वर्षीय बच्चा भी मलेरिया से संक्रमित मिला है। बच्चे की जांच आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में हुई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेध प्रकाश ने बताया कि दोनों प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी गई हैं। वहां फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच भी की जा रही है। सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।




















