Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 03 जुलाई । केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा और उनकी टीम ने अडूकी टाउनशिप मथुरा निवासी गौरव की आठ माह की बच्ची के कूल्हे की गांठ का सफल ऑपरेशन कर उसे नई जिन्दगी दी है। बच्ची के पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद 29 जून को हॉस्पिटल से उसकी छुट्टी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार अडूकी टाउनशिप मथुरा निवासी गौरव के घर आठ माह पहले बच्ची ने जन्म लिया। जन्म से ही उसके कूल्हे पर बड़ी गांठ होने के चलते वह हमेशा रोती-बिलखती रहती थी। बच्ची की परेशानी को देखते हुए माता-पिता ने उसे आगरा और मथुरा के कई जाने-माने चिकित्सकों को दिखाया लेकिन कोई भी बच्ची की परेशानी दूर नहीं कर सका। एक चिकित्सक ने तो गांठ को मवाद समझ कर उसमें चीरा लगा दिया, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई।

आखिरकार लोगों की सलाह के बाद 26 जून को गौरव और उसकी पत्नी बच्ची को लेकर के.डी. हॉस्पिटल आए तथा शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा से मिले। डॉ. श्याम बिहारी शर्मा ने बच्ची की कुछ आवश्यक जांचें करवाईं जिससे पता चला कि गांठ जितनी बाहर दिख रही थी, उतनी ही पेट के अंदर भी थी। डॉ. शर्मा ने बच्ची की बेहद कष्टदायी स्थिति को देखते हुए परिजनों को तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों की स्वीकृति के बाद 23 जून को शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा द्वारा बच्ची का ऑपरेशन कर गांठ को निकाल दिया गया। उन्होंने बताया कि गांठ मूत्र की थैली और मलद्वार से चिपकी हुई थी, जिसे निकालने में काफी सावधानी बरती गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि इस परेशानी को सेक्रोकोक्सीजियल टेरेटोमा कहा जाता है। ऑपरेशन में डॉ. श्याम बिहारी शर्मा का सहयोग डॉ. कुशा कपूर, डॉ. अंकित कापड़िया, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. शिवांगी अग्रवाल तथा ओटी टेक्नीशियन शिवा ने किया।

डॉ. शर्मा का कहना है कि आठ माह तक गांठ रहने से इसमें कैंसर होने की सम्भावना बढ़ जाती है। अतः ऐसे बच्चों का हर तीन महीने में परीक्षण आवश्यक है। डॉ. शर्मा ने बताया कि यह बातें बच्ची के माता-पिता को भी बता दी गई हैं। अब बच्ची स्वस्थ है तथा उसे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। डॉ. शर्मा ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि बच्चों या किसी अन्य को शरीर के किसी हिस्से में गांठ निकलती है तो उसे बिना विलम्ब किए चिकित्सक को दिखा लेना चाहिए ताकि कैंसर जैसी किसी सम्भावना से बचा जा सके। केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के चेयरमैन मनोज अग्रवाल, डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह ने सफल सर्जरी के लिए डॉ. श्याम बिहारी शर्मा और उनकी टीम को बधाई देते हुए बच्ची के स्वस्थ-सुखद जीवन की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page