सिकन्दराराऊ 30 जून। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अतिया में भंडारे के दौरान वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव नगला अतिया निवासी आदित्य कुमार ने बताया कि गांव में भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान गांव निवासी राकेश की बेटी अलका मोबाइल फोन से वीडियो बना रही थी। आदित्य के अनुसार, वीडियो बनाने से मना करने पर अलका ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
आरोप है कि भंडारे से घर लौटते समय रास्ते में आदेश, संदीप, राकेश और शिवकुमार ने उन्हें घेर लिया। चारों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, सरिया तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में आदित्य के सिर, कंधे और घुटने सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद 29 जून को आदित्य ने कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next News :-दूध लेने गए युवक से मारपीट, तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











