
हाथरस 30 जून । सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुर्ज वाला कुआं में आज दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बुर्ज वाला कुआं निवासी दीपक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के मंदिर में लगे पंखे का खराब कंडेनसर बदल रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और चार मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि दीपक एक मसाला फैक्ट्री में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। दीपक अपने पीछे पत्नी, चार छोटे बच्चों और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार के सामने भावनात्मक के साथ-साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।






















