Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 जून। माता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आगरा के एत्मादपुर में आयोजित प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होने के लिए सादाबाद से बड़ी संख्या में लोग रवाना हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम के नेतृत्व में हाथरस रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल परिसर से 15 बसों को एत्मादपुर के लिए रवाना किया गया। बसों में बघेल समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोग सवार थे। रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने माता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर धर्मेंद्र गौतम ने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, सुशासन, नारी सशक्तिकरण और जनकल्याण की प्रेरणास्रोत थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं और जनहित के कार्यों का निर्माण कर समाज सेवा की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी देश की महान विभूतियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। एत्मादपुर में आयोजित प्रतिमा स्थापना समारोह से नई पीढ़ी को माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, व्यक्तित्व और आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी। बसों के रवाना होने के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाज के गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने उत्साह के साथ जयघोष करते हुए एत्मादपुर के लिए प्रस्थान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page